नशे में धुत नशेबाज लोगों की करनी के अलग-अलग किस्से आपने सुने होंगे, लेकिन ये किस्सा बेहद अलग है। दरअसल हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के उपमंडल धर्मपुर में एक बारात बिन दुल्हन के ही लौट गई और इसका कारण कोई और नहीं बल्कि खुद दूल्हे साहब थे। अपनी ही शादी में दूल्हा नशे में इस कदर धूत होकर पहुंचा था कि देखने वाले भी काफी हैरान परेशान थे।

बरात लेकर पूरे धूम-धाम से दूल्हे के पक्ष के लोग लड़की वालों के घर पहुंचे। जहां दुल्हन के पक्ष के लोगों ने भी बारातियों की काफी धूमधाम से स्वागत किया। ऐसे में सारी रस्में धीरे-धीरे होती रही। इसके बाद हंगामा उस वक्त शुरू हुआ जब दूल्हा लग्न मंडप में पहुंचा।

जैसे ही दुल्हा लग्न मंडप में पहुंचा और नशे में झूमने लगा तो लोग हैरान हो गए। इसके बाद इसकी पूरी जानकारी दुल्हन तक पहुंच गई। लग्न मंडप में बैठने को पूरी तरह से तैयार बैठी दुल्हन ने सब की बातों पर विश्वास नहीं किया और वह खुद अपनी आंखों से पूरे मामले की सच्चाई जानने मंडप में पहुंची। फिर उसने जो देखा तो उसके होश ही उड़ गए। मंडप में बैठा दूल्हा शराब के नशे में पूरी तरह धूत था।

जब दुल्हन ने दूल्हे की नशे में धुत हालत में देखा तो उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। दूल्हे के परिवार, रिश्तेदारों और दुल्हन के परिवार वालों ने भी लड़की को मनाने की काफी कोशिश की, लेकिन दुल्हन अपनी जिद पर अड़ी रही। ऐसे में दूल्हे वालों को बिन दुल्हन ही बारात लेकर उल्टे पांव लौटना पड़ा।