आठ माह से बंद चल रही झेलम और पंजाब एक्सप्रेस एक दिसंबर से फिर से चलेगी। आपको बता दें कि रेलवे ने दोनों ट्रेनों के परिचालन को हरी झंडी दे दी है। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को सुविधा होगी। वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को एक ट्रेन और मिलेगी।
लाक डाउन लगने के बाद से पुणे से जम्मू तवी तक चलने वाली झेलम का परिचालन बंद था। अब इस ट्रेन को पुणे-जम्मू स्पेशल ट्रेन के नाम से चलाया जा रहा है। ट्रेन संख्या 1077 पुणे से एक दिसंबर को शाम 5.20 बजे चलेगी। ये ट्रेन दो दिसंबर को शाम 5.35 बजे कैंट स्टेशन पहुंचेगी। यहां पर इसका पांच मिनट का स्टापेज होगा। बता दें कि ये ट्रेन राजा मंडी स्टेशन पर भी ठहरेगी। वहीं ट्रेन संख्या 1078 जम्मू से तीन दिसंबर को दोपहर 3.55 बजे चलेगी। अगले दिन दोपहर दो बजे राजा मंडी स्टेशन और 2.10 बजे कैंट स्टेशन पर पहुंचेगी। दोनों ट्रेन प्रतिदिन चलेंगी। इसके साथ फिरोजपुर-छत्रपति शिवाजी टर्मिनल मुंबई पंजाब एक्सप्रेस भी एक दिसंबर से चलेगी। ट्रेन संख्या 02138 एक दिसंबर काे मुंबई से सुबह सात बजे चलकर अगले दिन सुबह 8.10 बजे कैंट स्टेशन पहुंचेगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 02137 तीन दिसंबर को फिरोजपुर से चलकर चार दिसंबर को शाम छह बजे कैंट स्टेशन पहुंचेगी। इस ट्रेन का भी राजा मंडी स्टेशन पर ठहराव होगा। ये ट्रेन भी प्रतिदिन चलेगी। आगरा रेल मंडल के पीआरओ एसके श्रीवास्तव ने बताया कि इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को सुविधा होगी।